आगरा : भीम नगरी उल्लास और उमंग से सराबोर, अंबेडकर जयंती पर निकली शोभायात्रा
31 वें भीमनगरी आयोजन में काटा गया 31 किलो का केक
भीम नगरी में उत्सव सा माहौल,चारों तरफ जोश और उत्साह
आगरा, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सजाई गई भीम नगरी में 31 किलो का केक काटा गया। इस वर्ष आगरा में भीम नगरी का 31वां आयोजन है। भीम नगरी केंद्रीय आयोजन समिति के पदाधिकारीयों ने केक काटकर लोगों को बधाई दी।
आगरा में डा. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर मुख्य शोभायात्रा के अलावा भीम नगरी का आयोजन सबसे आकर्षक होता है। इस वर्ष आगरा में थाना शाहगंज अंतर्गत जीआईसी मैदान में 31वीं भीम नगरी का आयोजन किया गया है। पिछले कई दिनों से चल रही तैयारियां आज अपने साकार रूप में नजर आ रही है। भीम नगरी मुख्य मंच को सम्राट अशोक के महल की तरह सजाया गया है। केंद्रीय आयोजन समिति के पदाधिकारी देर शाम मंच पर पहुंचकर 31 किलो का केक काटकर डा0 अंबेडकर की जयंती पर उन्हें शुभकामनाएं दी। इस दौरान थाना रकाबगंज क्षेत्र अंतर्गत चक्की पाट से निकाली गई डॉ आंबेडकर शोभायात्रा करीब 100 झांकियां के साथ पूरे शहर में संचरण के बाद बुधवार की सुबह-सुबह भीम नगरी पहुंचेगी। भीम नगरी में 15 से 17 अप्रैल तक विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डा0अंबेडकर जयंती एवं भीम नगरी समारोह समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि बुधवार को सांय करीब 07 बजे भीमनगरी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं थाईलैंड से आए विद्वान भंते फ्रा अमनात इंटीटेचो द्वारा बुद्ध वंदना के साथ किया जाएगा। उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में पंजाबी सिंगर गिन्नी माही कार्यक्रम पेश करेंगी।
16 अप्रैल को सांय करीब 5 बजे दूल्हों की सामूहिक बारात अंबेडकर वाटिका पंचकुइयां से प्रारंभ होकर भीम नगरी स्थल जैसी ग्राउंड पहुंचेगी जहां देर सांय सामूहिक दहेज रहित आदर्श विवाह का आयोजन होगा। भीम नगरी में 16 अप्रैल को आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद शिरकत करेंगे।
17 अप्रैल को कार्यक्रम के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन आगामी अगले वर्ष सजाई जाने वाली भीम नगरी के बारे में भी घोषणा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay

