छह दिन बाद भी डेढ़ लाख आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर

WhatsApp Channel Join Now
छह दिन बाद भी डेढ़ लाख आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर


हमीरपुर, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर ब्लॉक मे विद्युत विभाग के तमाम प्रयासों के बाद अभी तक ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीण क्षेत्रों की सब स्टेशन सुमेरपुर द्वितीय, विदोखर,पारा रैपुरा,टेढ़ा में छठवें दिन इंगोहटा,विदोखर पुरई, टेढ़ा,पारा रैपुरा का कुछ हिस्सा रोशन किया गया है। शेष गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है। सबसे बड़ा संकट पानी का खड़ा हुआ है। इससे ग्रामीण परेशान है।

गत सप्ताह गुरुवार की रात 12:00 बजे आए भयानक तूफान के बाद कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति बुरी तरह से छिन्न भिन्न हो गई थी। तूफान से कस्बे में 150,विदोखर में 175, सुमेरपुर द्वितीय में 113,पारा रैपुरा में 850,टेढ़ा में 425 विद्युत पोल जमींदोज हुए हैं। इनको खड़ा करके विद्युत आपूर्ति बहाल करना विभाग के सामने बड़ी चुनौती है। तूफान गुजरने के छह दिन बाद विद्युत विभाग अभी तक 33 केवी की लाइन दुरुस्त कराकर विद्युत सब स्टेशन सुमेरपुर द्वितीय,विदोखर,पारा रैपुरा, टेढ़ा की आपूर्ति बहाल कर सका है। इन सब स्टेशनों से जुड़े फीडर के कुछ हिस्से छठवें दिन जगमग हुए हैं। अन्य गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। ब्लॉक के सबस्टेशन छानी,पौथिया एवं चंदोखी की आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हो सकी है।

सुमेरपुर ब्लॉक की डेढ़ लाख की आबादी अंधेरे में एक सप्ताह से रहने को मजबूर है। विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी एमपी सिंह ने बुधवार काे कि सुमेरपुर क्षेत्र में तूफान से भारी तबाही हुई है। पूरे क्षेत्र में 1703 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर जमीदोंज हुए है। तार एवं इंसुलेटर का बड़ा नुकसान हुआ है। विद्युत विभाग को करीब सवा करोड रुपए की क्षति हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल करने में निरंतर प्रयासरत है। सभी लाइनों का कार्य कराया जा रहा है। सुमेरपुर द्वितीय से जुड़े इंगोहटा,टेढ़ा से जुड़े टेढ़ा, विदोखर से जुड़े विदोखर पुरई,पारा रैपुरा से जुड़े पारा रैपुरा एवं पंधरी की आपूर्ति बहाल हो गई है। शेष गांवों की आपूर्ति बहाल करने के लिए क्षतिग्रस्त लाइनों में युद्ध स्तर पर कार्य कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story