सदर तहसील में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, अनियमितताओं के विरोध में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
सदर तहसील में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, अनियमितताओं के विरोध में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन


देवरिया, 31 जुलाई (हि.स.) ।

सदर तहसील में शुक्रवार को तहसील बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने प्रशासनिक एवं न्यायिक कार्यों में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रवीण कुमार को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई वादों को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किए बिना ही उनकी पत्रावलियों पर न्यायालय में कार्रवाई की जा रही है, जो निर्धारित नियमों के विपरीत है। उनका कहना है कि तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्तर पर न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है तथा कई मामलों में नियमों की अनदेखी की जा रही है।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिन मामलों में बहस पूरी हो चुकी है, उनमें भी लंबे समय तक आदेश सुरक्षित रखे जाते हैं। कई वादों में महीनों तक निर्णय नहीं सुनाया जाता और आदेश पारित होने के बाद भी छह-छह माह तक उसका अनुपालन नहीं कराया जाता, जिससे वादकारियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।

अधिवक्ताओं ने यह भी मांग की, कि न्यायालय के पारित आदेशों को समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि वादकारियों और अधिवक्ताओं को समय पर जानकारी मिल सके और न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बन सके।

ज्ञापन में बंटवारे के मुकदमों के आवंटन को लेकर भी आपत्ति जताई गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील सदर में छह राजस्व पटल (कानूनगो पटल) होने के बावजूद केवल चार पटलों पर ही मुकदमों का आवंटन किया जा रहा है। इससे कार्य का असमान वितरण हो रहा है और भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ रही है।

बार एसोसिएशन ने प्रशासन से सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि 1 अगस्त तक उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो तहसील समाधान दिवस पर व्यापक और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अपना ज्ञापन एसडीएम प्रवीण कुमार को सौंपा।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story