जौनपुर में अधिवक्ताओं ने आयु सीमा प्रस्ताव का किया विरोध किया प्रदर्शन
जौनपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मंगलवार को अधिवक्ता संघ के प्रस्तावित आयु सीमा संशोधन के विरोध में अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। अधिवक्ता संघ के पूर्व महामंत्री लाल बहादुर के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
अधिवक्ता शैलेन्द्र यादव ने बताया कि अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह और महामंत्री बृजेश मिश्रा की ओर से अधिवक्ताओं की आयु को लेकर एक संशोधन प्रस्ताव पारित किया गया था। इस प्रस्ताव पर 439 अधिवक्ताओं ने असहमति जताते हुए हस्ताक्षर किए और अध्यक्ष एवं महामंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपा था।
प्रार्थना पत्र के माध्यम से अधिवक्ताओं ने मांग की थी कि इस मुद्दे पर बैठक बुलाकर सभी पक्षों की बात सुने और उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाए। उनका कहना है कि प्रार्थना पत्र दिए हुए 10 से 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक अध्यक्ष और महामंत्री की ओर से कोई संज्ञान नहीं लिया गया। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का कहना है कि संघ के मौजूदा बायलॉज में आयु अस्वीकृति (एज रिजेक्शन) की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा इस व्यवस्था को लागू करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।
अधिवक्ताओं ने कहा कि बायलॉज में प्रावधान नहीं होने के बावजूद आयु सीमा संबंधी व्यवस्था लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

