अधिवक्ता का उद्देश्य केवल मुकदमा जीतना नहीं, बल्कि न्याय की स्थापना में अपना योगदान देना हो : न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी

WhatsApp Channel Join Now
अधिवक्ता का उद्देश्य केवल मुकदमा जीतना नहीं, बल्कि न्याय की स्थापना में अपना योगदान देना हो : न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी


मुरादाबाद, 14 नवंबर (हि.स.)। न्याय, नैतिकता और अनुशासन ही अधिवक्ता की वास्तविक पहचान हैं। विधि व्यवसाय को केवल व्यक्तिगत लाभ अथवा आजीविका का साधन नहीं समझना चाहिए, बल्कि यह न्याय और समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। अधिवक्ता का उद्देश्य केवल मुकदमा जीतना नहीं, बल्कि न्याय की स्थापना में अपना योगदान देना होना चाहिए। यह बातें इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने शनिवार को अधिवक्ता परिषद ब्रज ब्रज प्रांत की तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय मुरादाबाद में आयोजित दो दिवसीय प्रांत परिषद बैठक के शुभारंभ पर कही। प्रांत परिषद में 26 जनपदों के अधिवक्ता प्रतिभाग कर रहे है।

बैठक में न्यायपालिका एवं अधिवक्ता समुदाय के मध्य समन्वय, विधि व्यवसाय की गरिमा, नैतिकता, अनुशासन तथा समाज में न्याय की स्थापना में अधिवक्ताओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने आगे कहा कि अधिवक्ता की प्रतिष्ठा केवल उसकी व्यावसायिक सफलता से नहीं, बल्कि उसके सिद्धांतों, आचरण, ईमानदारी और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता से निर्धारित होती है। युवा अधिवक्ताओं को विशेष रूप से विधि व्यवसाय की मर्यादाओं, नैतिक मूल्यों और अनुशासन को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग के संदर्भ में भी मानवीय विवेक और न्यायिक समझ के महत्व को रेखांकित किया।

तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय विधि विभाग के डीन प्रो डॉ हरवंश दीक्षित ने कहा कि विधि व्यवसाय में उच्च स्थान प्राप्त करने के लिए न्यायपालिका का सम्मान, मुकदमेबाजी के प्रति ईमानदारी और व्यावसायिक नैतिकता अत्यंत आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह ने अधिवक्ता परिषद के मूल विचार एवं न्याय व्यवस्था में बार और बेंच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि न्यायपालिका और अधिवक्ता एक-दूसरे के पूरक हैं।

अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस प्रकाश राय ने विधि व्यवसाय में नैतिकता एवं अनुशासन के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि नैतिकता किसी भी अधिवक्ता के व्यक्तित्व और व्यावसायिक जीवन की आधारशिला है। अधिवक्ता की सफलता के लिए निरंतर अध्ययन, अनुशासन, सत्यनिष्ठा और न्याय के प्रति समर्पण आवश्यक है।

बैठक में अधिवक्ता परिषद ब्रज प्रांत के मंत्री विचित्र शर्मा एडवाकेट ने कहा कि अधिवक्ता परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के बीच वैचारिक एकता, सामाजिक समरसता, राष्ट्रबोध और न्याय के प्रति समर्पण विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है।

अधिवक्ता परिषद के संयोजक अजय गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि परिषद का उद्देश्य युवा अधिवक्ताओं को भारतीय न्याय परंपरा, संविधान की मूल भावना तथा व्यावसायिक नैतिकता से जोड़ना है।

अधिवक्ता परिषद के सह संयोजक देवेश वशिष्ठ एडवोकेट, आशुतोष शर्मा एडवोकेट व रवि प्रकाश राय एडवोकेट ने बताया कि दो दिवसीय इस प्रांत परिषद बैठक में ब्रज प्रांत के 26 जनपदों से आए अधिवक्ताओं की सहभागिता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, भावी कार्ययोजना तथा न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में अधिवक्ताओं की रचनात्मक भूमिका पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777262 Articles

Share this story