कानपुर कचहरी में अधिवक्ता ने पांचवीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, जांच जारी

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर कचहरी में अधिवक्ता ने पांचवीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, जांच जारी


कानपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी परिसर में गुरुवार एक अधिवक्ता ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद अधिवक्ता और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में अधिवक्ता को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। कचहरी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें अधिवक्ता घटना से पहले ऊपरी मंजिल पर एक खिड़की के पास बैठा दिखाई दिया। कुछ समय तक वहीं बैठने के बाद उसने यह कदम उठाया।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि बर्रा-8 वरुण विहार निवासी अधिवक्ता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव का 23 साल का बेटा प्रियांशु श्रीवास्तव लॉ ग्रेजुएशन करने के बाद पिता के साथ प्रैक्टिस कर रहा था। उसने हाल ही में लॉ की पढ़ाई पूरी की थी और अपने पिता के साथ प्रैक्टिस कर रहा था। घटना से पहले उसकी किसी से बातचीत या विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मामले की जांच और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

जांच के दौरान युवक के मोबाइल फोन से सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। उसने घटना से पहले नोट लिखा और उसे कुछ लोगों को भेजा भी था। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है और नोट की सामग्री को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दे दी है। साथ ही पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि सुसाइड नोट और मृतक के मोबाइल को कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story