यात्री सुरक्षा के लिए नए मेट्रो स्टेशनों पर अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था तैयार : सुशील कुमार
कानपुर, 29 जून (हि.स.)। कानपुर मेट्रो के कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन पर यात्री सेवा शुरू होने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। तीन दिवसीय सीएमआरएस निरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा होने के साथ ही झकरकटी से नौबस्ता तक सभी सात नवनिर्मित मेट्रो स्टेशनों पर अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण स्थापित कर दिए गए हैं। यह बातें सोमवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के शेष सेक्शन कानपुर सेंट्रल-नौबस्ता का मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) नीलाभ्र सेनगुप्ता और उनकी पांच सदस्यीय टीम ने तीन दिनों तक गहन निरीक्षण किया। अंतिम दिन तकनीकी समीक्षा बैठक के साथ निरीक्षण प्रक्रिया संपन्न हुई। अब सीएमआरएस की रिपोर्ट इसी सप्ताह आने की संभावना है, जिसके बाद यात्री सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो सकता है।
निरीक्षण के दौरान 27 और 28 जून को कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप और डाउन लाइन का मोटर ट्रॉली से विस्तृत जायजा लिया गया। इस दौरान समूचे सेक्शन की सिग्नलिंग प्रणाली, इंटीग्रेटेड टेस्टिंग, कोलिजन टेस्ट, हाई-स्पीड टेस्ट, स्पीड एवं ब्रेकिंग टेस्ट सहित सभी प्रमुख तकनीकी परीक्षण किए गए। साथ ही प्रत्येक स्टेशन पर यात्री सुरक्षा से जुड़े सभी प्रबंधों की जांच भी की गई।
नवनिर्मित दो भूमिगत स्टेशन झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर तथा पांच एलिवेटेड स्टेशन बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता पर एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर समेत अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण स्थापित किए जा चुके हैं। सभी स्टेशनों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित कर दी गई है। मेट्रो परिसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी यूपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (यूपीएसएसएफ) और निजी सुरक्षा एजेंसी के प्रशिक्षित जवान संयुक्त रूप से निभाएंगे।
यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए सभी स्टेशनों पर वीडियो एनालिटिक्स तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी निगरानी स्टेशन कंट्रोल रूम, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर और मेट्रो डिपो स्थित सिक्योरिटी कंट्रोल रूम से लगातार की जाएगी। प्रत्येक भूमिगत स्टेशन पर औसतन 40 से 45 सीसीटीवी कैमरे और प्रत्येक मेट्रो ट्रेन में करीब 12 कैमरे लगाए गए हैं।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि तीन दिवसीय सीएमआरएस निरीक्षण का सफलतापूर्वक पूरा होना परियोजना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कानपुर मेट्रो के निर्माण में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। स्टेशनों पर इस प्रकार सीसीटीवी नेटवर्क विकसित किया गया है कि कोई भी डार्क स्पॉट न रहे। महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला सुरक्षा कर्मियों और महिला हाउसकीपिंग स्टाफ की पर्याप्त तैनाती की गई है। वहीं, स्टेशनों के कॉनकोर्स, लिफ्ट, स्टेशन कंट्रोल रूम और टिकट काउंटर का डिजाइन भी पारदर्शिता और बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

