दिन में श्रृंगार, रात में चांद संग पिया का दीदार

WhatsApp Channel Join Now
दिन में श्रृंगार, रात में चांद संग पिया का दीदार


दिन में श्रृंगार, रात में चांद संग पिया का दीदार


-पति की दीर्घायु को सुहागिनों ने रखा निर्जल व्रत

- चांद को अर्घ्य देने के बाद पति के हाथ से पानी पीकर सुहागिनों ने खोला व्रत, बड़े-बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद

मुरादाबाद, 29 अक्टूबर (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में गुरुवार को करवाचौथ का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ पर दिनभर निर्जला व्रत रखकर पतियों की लंबी उम्र की कामना की। सोलह श्रृंगार कर महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-संवर कर तैयार हुईं। लाल साड़ी, बालों में गजरे और हाथों में रची मेहंदी सुंदरता में चार चांद लगा रही थी। इस बार चांद ने भी सुहागिनों के सब्र का इम्तिहान नहीं लिया। रात आठ बजकर बीस मिनट पर जैसे ही चंद्रमा के दर्शन हुए, हर ओर खुशी छा गई। इसके बाद विवाहिताओं ने पूजा की और पति के हाथों पानी पीकर व्रत तोड़ा।

करवा चौथ पर कई सोसायटियों, मोहल्लों और मंदिरों में सामूहिक कथा का आयोजन किया गया, जहां महिलाओं ने एक साथ बैठकर पूजा की और करवा चौथ की कथा सुनी। रात होते-होते छतों पर चहल-पहल बढ़ गई। महिलाएं पूजा की थाली और चलनी लेकर आसमान की ओर नजर टिकाएं चांद का इंतजार करती दिखीं। कई जगहों पर बच्चे भी अपनी माताओं के साथ उत्साह से शामिल हुए।

जैसे ही करवा चौथ का चांद नजर आया, माहौल एकदम बदल गया। किसी ने चांद आ गया... कहकर पुकार लगाई तो कहीं बच्चों ने आसमान की ओर इशारा कर खुशियां मनाईं। इसी बीच कई जगहों पर लोगों ने पटाखे जलाकर इस पल का स्वागत किया। एमडीए और आवास विकास की कालोनियों के साथ विभिन्न आपार्टमेंट, सोसायटी में पटाखों की रोशनी से कुछ देर के लिए पूरा आसमान चमक उठा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769088 Articles

Share this story