आधुनिक तकनीक और नए कौशल अपनाकर ही व्यवसाय को मिलेगी नई ऊंचाई : प्रखर जैन

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक तकनीक और नए कौशल अपनाकर ही व्यवसाय को मिलेगी नई ऊंचाई : प्रखर जैन


कानपुर, 29 जून (हि.स.)। बदलते कारोबारी परिवेश में आधुनिक तकनीक, नवाचार और प्रभावी बिक्री कौशल को अपनाना हर उद्यमी और व्यवसायी की जरूरत बन गया है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल कारोबार को नई दिशा देते हैं, बल्कि प्रतिस्पर्धा के दौर में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। यह बातें सोमवार को जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) कानपुर चैप्टर के अध्यक्ष प्रखर जैन ने रविवार को आयोजित स्किलाथॉन एक्सप्रेस 2026 के उद्घाटन अवसर पर कही।

जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) कानपुर चैप्टर की ओर से होटल द लैंडमार्क, सोमदत्त प्लाजा में एक दिवसीय विशेष व्यवसायिक कार्यशाला स्किलाथॉन एक्सप्रेस 2026 का आयोजन किया गया। इसमें शहर के प्रमुख उद्योगपतियों, उद्यमियों, व्यापारियों और कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को व्यवसाय की निरंतर वृद्धि, आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग तथा बिक्री कौशल को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक ज्ञान और उपयोगी व्यावसायिक टूल्स उपलब्ध कराना था।

सीखें–अपनाएँ–रूपांतरित करें विषय पर आधारित इस कार्यशाला में पारंपरिक व्यावसायिक सोच को आधुनिक तकनीक और नई पीढ़ी के कॉर्पोरेट टूल्स से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों ने व्यवसाय विस्तार, नेतृत्व क्षमता, डिजिटल परिवर्तन, ग्राहक प्रबंधन और प्रभावी बिक्री रणनीतियों पर अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में जीतो कानपुर चैप्टर के अध्यक्ष मनीष कटारिया ने कहा कि स्थानीय व्यापारिक समुदाय का इस प्रकार की आधुनिक कार्यशालाओं के प्रति बढ़ता उत्साह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ज्ञान और तकनीक के समन्वय से ही व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान आकांक्षा जैन और आकर्ष जैन ने भी अपने विचार रखे तथा बदलते व्यावसायिक माहौल में नवाचार, कौशल विकास और नई तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपने व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया तथा सह-प्रायोजक एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक रहे। समापन पर जीतो कानपुर चैप्टर के मुख्य सचिव अमित जैन ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रायोजकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जीतो उद्योगपतियों, उद्यमियों और पेशेवरों का एक वैश्विक संगठन है, जो आर्थिक सशक्तिकरण, ज्ञान-विनिमय और व्यावसायिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्किलाथॉन एक्सप्रेस 2026 का सफल आयोजन जीतो कानपुर चैप्टर की कार्यकारिणी, महिला विंग और युवा विंग के सामूहिक सहयोग से संभव हो सका।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story