सर्वाइकल कैंसर टीके के लिए पंजीकरण शुरू,24 मार्च से लगेगा किशोरियों को टीका

WhatsApp Channel Join Now
सर्वाइकल कैंसर टीके के लिए पंजीकरण शुरू,24 मार्च से लगेगा किशोरियों को टीका


लखीमपुर खीरी, 18 मार्च (हि.स.)। सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से बचाव के लिए 14 साल से 15 साल की आयु के बीच की किशोरियों को टीका 24 मार्च से लगाया जाएगा। जिससे उत्तर प्रदेश के हर जिले की कुल आबादी का एक प्रतिशत वर्ग लाभान्वित होगा। इसके लिए किशोरियों द्वारा यू विन पोर्टल (https://uwin.mohfw.gov.in/home) पर पंजीकरण कराया जा सकता है, जिसे शुरू कर दिया गया है।

यह जानकारी सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बुधवार को बताया कि टीकाकरण की शुरुआत आने वाले मंगलवार को जिला महिला चिकित्सालय (संबद्ध स्वशासीय राज्य चिकित्सा महाविद्यालय) लखीमपुर सदर विधायक योगेश वर्मा व जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार की उपस्थिति में की जाएगी। जनपद को 12000 वैक्सीन आवंटित हुई हैं। इसको लेकर संबधित चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम व पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में पाया जाने वाला एक मुख्य कैंसर है। इस बीमारी से निजात दिलाने 'को अब जिले में निःशुल्क टीकाकरण होगा। 14 साल की आयु पूर्ण कर चुकी व 15 साल से कम उम्र वाली किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा।

इन किशोरियों को बांईं बाजू पर इंट्रा मस्कुलर इंजेक्शन लगेगा। सिर्फ एक डोज (0.5) एमएल से ही कैंसर का खतरा 99 फीसदी कम हो जाता है। निजी क्षेत्र में यह वैक्सीन करीब 4200 रुपये में लगती है, जोकि दो डोज में दी जाती हैं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रवि सिंह ने बताया कि आधार कार्ड पर लिखी उम्र के हिसाब से ही गणना होगी। यू विन पोर्टल पर किशोरियों को पहले पंजीकरण करना होगा। जिसके आधार पर टीका लगेगा। इसके बाद द्वितीय चरण में जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगने वाला टीका लगना प्रारंभ हो जाएगा।

इन बातों का रखें ध्यान

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रवि सिंह ने बताया कि बुखार होने पर पैरासिटामॉल लें (हालांकि बुखार होने की संभावना कम है।), बाजू पर दर्द है तो बर्फ से सिकाई करें, गर्म पानी से सिकाई न करें। वैक्सीन लगने के बाद आधा घंटा आईसोलेट किया जाएगा जोकि सिर्फ सावधानी बरतने के लिहाज से किया जाएगा, इसमें किसी भी तरह की चिंता की बात नहीं होती, टीकाकरण से आधा घंटा पहले हल्का खाना जरूर खाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

Share this story