सीएसजेएमयू के स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज में बीए प्रवेश शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू के स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज में बीए प्रवेश शुरू


कानपुर, 20 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप संचालित बीए पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। पाठ्यक्रम में सामाजिक विज्ञान, मानविकी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, भूगोल और सोशल वर्क जैसे विषय शामिल किए गए हैं। यह जानकारी बुधवार को संस्थान की निदेशक डॉ. किरण झा ने दी।

डॉ. किरण झा ने बताया कि पाठ्यक्रम को शोध आधारित अध्ययन, कौशल विकास और बहुविषयक शिक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। विद्यार्थियों को रिसर्च प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप, अकादमिक लेखन, संचार कौशल, डिजिटल लर्निंग और डेटा विश्लेषण जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस पाठ्यक्रम से छात्र उच्च शिक्षा, नेट-जेआरएफ, सिविल सेवा, राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं, बैंकिंग और प्रशासनिक सेवाओं में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही शिक्षण, पत्रकारिता, मीडिया, सामाजिक सेवा, कॉर्पोरेट सेक्टर, एनजीओ और अन्य रोजगार क्षेत्रों में भी करियर की संभावनाएं बढ़ेंगी।

विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के लिए सेमिनार, कार्यशालाएं, करियर काउंसलिंग, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम और रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण भी आयोजित किए जाएंगे। प्रवेश सीमित सीटों के आधार पर होंगे और इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story