सीएसजेएमयू में हेल्थ साइंसेस पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू, स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर अवसर : प्रो. विनय पाठक

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू में हेल्थ साइंसेस पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू, स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर अवसर : प्रो. विनय पाठक


कानपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। स्वास्थ्य विज्ञान संकाय समाज में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और कुशल पेशेवर तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हमारे पाठ्यक्रम छात्रों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान देते हैं, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें भविष्य के लिए तैयार भी करते हैं। यह बातें सोमवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

उन्हाेंने बताया कि छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस में सत्र 2026–27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र में दक्ष मानव संसाधन तैयार करना और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

संस्थान में बीपीटी, बीएमएलएस, बीएमआरआईटी, बी.ऑप्टोम, बीएओटीटी, बीएनडी और बीएससी मेडिकल माइक्रोबायोलॉजी जैसे स्नातक पाठ्यक्रम संचालित हैं। वहीं एमपीटी, एमएमएलएस, एमएमआरआईटी, एम.ऑप्टोम और एमएनडी जैसे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश निर्धारित योग्यता के आधार पर किया जाएगा।

बैचलर ऑफ न्यूट्रीशन एंड डाइटेटिक्स (ऑनर्स) में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी को 10+2 में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक तथा अंग्रेजी विषय होना आवश्यक है। संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम और उन्नत शिक्षण संसाधन उपलब्ध हैं। छात्रों को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज एवं अन्य संबद्ध अस्पतालों में क्लिनिकल प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उनका व्यावहारिक ज्ञान मजबूत होता है।

यहां फिजियोथेरेपी ओपीडी, स्वास्थ्य केंद्र, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे सुविधा और पोषण परामर्श जैसी सेवाएं भी दी जा रही हैं। ओपीडी का संचालन सोमवार से शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर एओ बजे तक किया जाता है।

इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब, रिसर्च संस्थानों और हेल्थकेयर इंडस्ट्री में रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या संस्थान से सम्पर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story