दिनदहाड़े हाे रहे अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, जब्त किए जेसीबी और डंपर

WhatsApp Channel Join Now
दिनदहाड़े हाे रहे अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, जब्त किए जेसीबी और डंपर


सूचना पर नायब तहसीलदार की नेतृत्व वाली प्रशासनिक टीम ने जैतई रोड पर मारा छापा

हाथरस, 01 अगस्त (हि.स.)। सादाबाद क्षेत्र में चल रहे अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को दिनदहाड़े अवैध खनन की सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर छापा मारा। इस दौरान खनन में लगी एक जेसीबी और एक डंपर को जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया।

प्रशासन को जैतईं मार्ग पर बिना अनुमति के अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा के नेतृत्व में एक प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही खनन में शामिल लोग अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक जेसीबी और एक डंपर को जब्त कर लिया। जब्त किए गए दोनों वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। प्रशासन अब इन वाहनों के मालिकों और अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटा है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से भी रिपोर्ट मांगी गई है। क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, दिन-रात चलने वाले इस खनन से ग्रामीण सड़कों को नुकसान हो रहा था और पर्यावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसी सूचनाएं मिलने पर लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन होता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story