जौनपुर में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील


जौनपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने रविवार को बताया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद जिले के 275 पेट्रोल पंपों के माध्यम से ईंधन की सतत उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 29 मार्च को जनपद के पेट्रोल पंपों पर 1558 किलोलीटर डीजल और 1182 किलोलीटर पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही ऑयल डिपो से लगातार आपूर्ति जारी है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

उन्होंने बताया कि 28 मार्च को अचानक मांग बढ़ने के कारण जिले के 6 पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक समाप्त हो गया था, लेकिन तेल कंपनियों की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां आपूर्ति पुनः शुरू कर दी गई है। वर्तमान में सभी पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। आपूर्ति विभाग के अधिकारी और निरीक्षक लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं और केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें। साथ ही उन्होंने ईंधन का भंडारण न करने और अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें, जिससे अनावश्यक भ्रम और परेशानी से बचा जा सके।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story