प्रयागराज मण्डल के अपर निदेशक डॉ. अनिल कुमार अनुशासनहीनता में निलम्बित
लखनऊ, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के निर्देश पर प्रयागराज मण्डल में तैनात पशुपालन विभाग के अपर निदेशक ग्रेड-2, डा0 अनिल कुमार को पशु चिकित्सालय, चाका प्रयागराज को आवंटित बहुउद्देशीय सचल राजकीय वाहन का स्वयं के उपयोग हेतु नियमविरूद्ध अधिग्रहण करने, अनुशासनहीनता, पदीय दायित्वों व कर्तव्यों की अवहेलना पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उनके विरूद्ध अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित कर दी गयी है। डॉ0 अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर निदेशक डा0 अनिल कुमार के विरूद्ध पशु चिकित्सालय, चाका बहुउद्देशीय सचल वाहन का नियम विरूद्ध अधिग्रहरण/प्रयोग करने, अपने विभाग के समूह ग एवं घ के कार्मिकों के अवैध स्थानांतरण करने, अपने वाहन पर अनधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती का प्रयोग करने, मानव संपदा पोर्टल पर स्वयं की प्रीफिक्सिंग न कराने, अनुशासनहीनता करने, शासकीय नियमों का उल्लंघन एवं पदीय दायित्वों व कर्तव्यों की अवहेलना के गंभीर आरोप लगे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय

