नामित पार्षदों के क्षेत्र की समस्या संबंधित पत्रों पर होगी कार्रवाई : महापौर
कानपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को महापौर की अध्यक्षता में शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों के साथ बैठक हुई। बैठक में नामित पार्षदों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाने के साथ ही उनके द्वारा दिए गए पत्रों पर कार्रवाई न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
बैठक में पार्षद सरदार नीतू सिंह ने वार्ड 14 सब्जी मंडी, किदवई नगर क्षेत्र की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि बारादेवी चौराहे से ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाला मार्ग रोजाना लाखों लोगों के आवागमन का माध्यम है। रास्ता काफी संकरा होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।
नामित पार्षदों ने कहा कि उनके द्वारा नगर निगम से संबंधित समस्याओं को लेकर पत्र दिए जाते हैं, लेकिन कई मामलों में उन पत्रों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि नामित पार्षदों के माध्यम से भेजे गए पत्रों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से कार्रवाई कराई जानी चाहिए।
महापौर के निर्देश पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहा कि नामित पार्षदों द्वारा दिए गए पत्रों को दिखवाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्रों के आधार पर समस्याओं का निस्तारण कराने की बात कही।
महापौर ने नामित पार्षदों को आश्वस्त किया कि बैठक मुख्य रूप से अधिकारियों के साथ परिचय के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि पार्षदों द्वारा अग्रसारित पत्रों के आधार पर भी विकास और जनसमस्याओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, जगदीश यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार, मुख्य अभियंता सिविल सैय्यद फरीद अख्तर जैदी, महाप्रबंधक जलकल आनंद कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता मार्ग प्रकाश राजेश कुमार, प्रभारी मार्ग प्रकाश रमेश पाल समेत पार्षद विजय कुमार सिंह, रमेश चंद्र हटी, दिनेश बाबा, सुभाष गौड़, राजेश श्रीवास्तव, आदित्य शुक्ला, निधि बाजपेयी और कमला साहू मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

