पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें : कमिश्नर

WhatsApp Channel Join Now
पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें : कमिश्नर


मुरादाबाद, 12 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने गुरूवार को मंडल के सभी पांचों जनपदों के जिलाधिकारियों को पत्र जारी पेट्रोल, डीजल, एलपीजी रसोई गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो कृत्रिम संकट पैदा करे या अफवाह फैलाए उसे बख्शा ना जाए।

मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री स्तर से आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने ईंधन की कृत्रिम किल्लत उत्पन्न करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए लिखा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पेट्रोलियम पदार्थों की सामान्य एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। कालाबाजारी किसी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही अफवाह फैला कर जनसामान्य को भ्रमित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पेट्रोल पंपों, रसोई गैस एजेंसियों का अचानक निरीक्षण किया जाए। जिला पूर्ति अधिकारियों से कहा कि एलपीजी के स्टाक का सत्यापन करें। जो कृत्रिम किल्लत उत्पन्न करे जमाखोरी या कालाबाजारी मिले तो एफआईआर दर्ज करवाएं। लोगों को समय से ईंधन मिले। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित करें। पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर सामान्य जनमास में किसी तरह की भ्रम की स्थिति नहीं रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story