पेशी के दौरान फरार अभियुक्त फिर पकड़ा गया
बांदा, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद के अतर्रा थाना क्षेत्र में न्यायालय पेशी के दौरान फरार हुआ अभियुक्त आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अतर्रा पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते बुधवार को उसे पुनः गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च को जिला कारागार बांदा से छह बंदियों को कोर्ट अतर्रा में पेशी के लिए लाया गया था। पेशी के दौरान बंदी चुन्नू उर्फ पंकज पुत्र रामनाथ निवासी गांधी नगर, कस्बा अतर्रा ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी को धक्का देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद थाना अतर्रा में अभियुक्त के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने लगातार तलाशी अभियान चलाया और आखिरकार 18 मार्च को कड़ियानाका बीरजा पुरवा, थाना फतेहगंज क्षेत्र से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण कुमार ने बुधवार को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए टीमों का गठन किया गया था। साथ ही लापरवाही के आरोप में सम्बंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

