देवरिया में हत्या के मामले का आरोपित गिरफ्तार
देवरिया, 06 अगस्त (हि.स.)। भटनी थाना पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपित के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान भटनी निवासी दिलखुश (18) के रूप में हुई है। उसे गुरुवार को चांदपार अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ।
मामले के अनुसार, पांच अगस्त को रंजीत बासफोर निवासी दक्षिणी रेलवे कॉलोनी, भटनी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि चार अगस्त की रात करीब नौ बजे उनका बेटा हतवा स्थित हनुमान मंदिर गया था। वहां आपसी विवाद के दौरान दिलखुश ने गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के स्थान पर धारा 103(1) जोड़ते हुए मुकदमे में संशोधन किया गया। इसके बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता के नेतृत्व में भटनी पुलिस ने सूचना पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

