कच्ची दीवार ढहने से काम कर रहे मजदूर की दबकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
कच्ची दीवार ढहने से काम कर रहे मजदूर की दबकर मौत


सुलतानपुर, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के नटौली गांव में शनिवार दोपहर कच्ची दीवार गिराने के दौरान अचानक दीवार भरभराकर मजदूर के ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जिले के नटौली गांव निवासी रामजग (40) पुत्र रामबली गांव के ही एक व्यक्ति के घर पर कच्ची दीवार गिराने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जर्जर दीवार ढह गई और वह उसके मलबे में दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद रामजग को मृत घोषित कर दिया। मजदूर के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

सूचना पर पहुंची बल्दीराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story