लोहे का गेट लदवाने के दौरान हुआ हादसा, मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
लोहे का गेट लदवाने के दौरान हुआ हादसा, मजदूर की मौत


हमीरपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के बारा खंबा इलाके में लोहे का गेट लदवाने के दौरान लोहे का गेट मजदूर की गर्दन पर गिर गया। जिसके बाद मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया तथा मौके पर मौजूद लोग उसे आनन फानन में इलाज हेतु राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने घायल व्यक्ति का प्राथमिक उपचार कर उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे झाँसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जिसकी इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार राठ कस्बे के छोटी जुल्हैटी इलाके का निवासी 45 वर्षीय अरविंद पुत्र श्रीपत जो कि मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। तथा वह राठ नगर के बाराखंबा इलाके में लोहे का गेट वाहन पर लदवा रहा था। तभी अचानक लोहे का गेट हाथ से छूट कर अरविंद की गर्दन पर गिर गया। हुए हादसे में मजदूर अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे मौके पर मौजूद लोग तत्काल इलाज हेतु राठ के सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने घायल व्यक्ति का प्राथमिक उपचार कर उसकी अत्यधिक नाजुक हालत को देखते हुए उसे झाँसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जिसकी इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक अरविंद मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था जो कि अपने पीछे पत्नी सावित्री के अलावा पुत्र विकास और पुत्री अनामिका सहित अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मृतक व्यक्ति के परिजनों ने घटना के कारणों की जांच की मांग कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story