सड़क दुर्घटना में घायल बहन की ईलाज के दौरान मौत, भाई बाल-बाल बचा

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटना में घायल बहन की ईलाज के दौरान मौत, भाई बाल-बाल बचा


अमेठी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के थाना संग्रामपुर क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई है। जबकि उसका छोटा भाई मामूली रूप से घायल है जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है और लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना संग्रामपुर क्षेत्र के कंसापुर निवासी पशुपालक किसान शारदा चौरसिया की पुत्री गुड़िया(18) अपने छोटे भाई प्रांजल (10) के साथ शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे के करीब साइकिल से अमेठी–किठावर मार्ग स्थित कंसापुर चौराहा मेला का बगिया दुग्ध क्रय केंद्र पर गाय का दूध बेचने गई थी। दूध बेचकर दोनों भाई-बहन साइकिल से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही गुड़िया सड़क पार करने के लिए आगे बढ़ी, तभी तेज गति से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गुड़िया के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा घायल गुड़िया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना संग्रामपुर के प्रभारी संजय सिंह ने शनिवार को बताया कि अमेठी–किठावर मार्ग स्थित मेला का बगिया के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई प्रांजल को हल्की चोट आई है, जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में चल रहा है।घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अज्ञात बोलेरो की तलाश में जुटी है। मृतक लड़की की लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा तथा पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story