रायबरेली : सड़क हादसे में जलाभिषेक कर लौट रहे एक कावंड़िये की माैत, छह घायल

WhatsApp Channel Join Now
रायबरेली : सड़क हादसे में जलाभिषेक कर लौट रहे एक कावंड़िये की माैत, छह घायल


रायबरेली, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में शिवगढ़ थाना क्षेत्र में जलाभिषेक कर लौट रहे कांवड़ियाें के ई-रिक्शा में सोमवार को एक तेज़ रफ़्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए घटना की जांच शुरु कर दी है।

शिवगढ़ थानाक्षेत्र में ढेकवा गांव के 10 कांवड़ियाें का समूह रविवार की रात बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित औसानेश्वर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने गया था। सोमवार को सभी शिवभक्त जलाभिषेक कर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। जैसे ही कांवड़ियाें काे ई-रिक्शा शिवगढ़ थाना क्षेत्र के तरौंजा मजरे कुंभी के पास पहुंचा तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार भोलेंद्र, अंकित, दत्तगंज पिपरी के मोहित, अमन, रौनक, विवेक व मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलाें में भोलेंद्र की हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ ले जाया जा रहा था तभी उसकी सांसें थम गई। हादसा करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story