कलेक्ट्रेट में होमगार्ड गिरा, अस्पताल में मौत

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्ट्रेट में होमगार्ड गिरा, अस्पताल में मौत


सुलतानपुर, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर कलेक्ट्रेट में बुधवार दोपहर एक होमगार्ड चक्कर खाकर गिर गया। उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी कार्यालय में तैनात कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अहिरौली मलिकपुर निवासी शिव मूर्ति यादव (50) डाक लेकर कलेक्ट्रेट स्थित असलहा बाबू के कार्यालय आए थे। कार्यालय से बाहर निकलते समय वे अचानक गिर पड़े।

शिव मूर्ति को गिरता देख कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों और साथी होमगार्ड जवानों ने तुरंत मदद की। वे बिना किसी देरी के उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। होमगार्ड की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। कुछ लोग मौत का कारण हीटवेव या हार्ट अटैक बता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि शुगर हाई होने से उनकी जान गई होगी। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

जिला कमांडेंट होमगार्ड सैयद हुसैन अब्बास ने बुधवार को बताया कि होमगार्ड शिवमूर्ति यादव इस महीने से एसपी के वाचक कार्यालय में ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इसे विभाग के लिए एक बड़ी क्षति बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story