रायबरेली : गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे में टैक्टर चालक की मौत, पांच घायल

WhatsApp Channel Join Now
रायबरेली : गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे में टैक्टर चालक की मौत, पांच घायल


रायबरेली,04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में सलोन थाना क्षेत्र से गुजरने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज़ रफ़्तार लोडर ने रविवार की देर रात एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सलोन थाना क्षेत्र के रसूलपुर के पास गंगा एक्सप्रेसवे का कर्मचारी बीती रात ट्रैक्टर पर तार का बंडल लेकर लालगंज की ओर जा रहा था।अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर में टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर सवार ऊंचाहार के इंदर का पुरवा मजरे मिर्जापुर ऐहारी निवासी मनोज पाल (35) सड़क पर गिर पड़े और ट्राली पर रखा तार का बंडल उसके ऊपर आ गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर पर बैठे ऊंचाहार के चंडरई चौराहा निवासी प्रकाश नारायण मिश्र, पूरे बल्दी मजरे मिर्जापुर ऐहारी के शिवकुमार पाल व अंकेश कुमार रैदास, पिकअप सवार पंजाब प्रांत के पटियाला के नरमजीत व शत्रु गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस काे सूचना दी गई। माैके पर आई पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नरमजीत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सलोन कोतवाल बालेंदु गौतम का कहना है कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर लगातार हादसे हो रहे है। लोकार्पण के पांच दिन के अंदर यह दूसरी बड़ी घटना हुई है, जिसके पीछे रफ़्तार को एक बड़ा कारण माना जा रहा है। इससे पूर्व एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में कार सवार कई लोग घायल हो गए थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story