सुलतानपुर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सुलतानपुर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत


सुलतानपुर, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना कादीपुर-धोपाप मार्ग पर कटसारी के पास हुई।

मृतक की पहचान कटसारी कादीपुर निवासी आलोक शंखधर (50) के रूप में हुई है। वह अपनी 24 वर्षीय बेटी रिया शंखधर के साथ बाइक पर सवार थे। आलोक अपनी बेटी को परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे थे। वह रिया गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है और सुबह ही ट्रेन से लंभुआ पहुंची थी, क्योंकि अगले दिन उसका एमएससी का पेपर था।

हादसे में आलोक शंखधर को गंभीर चोटें आईं, उनके दोनों कानों से खून बह रहा था और दाहिना हाथ-पैर टूट गया था। बेटी रिया के दाहिने पैर में चोट लगी है।

दूसरी बाइक पर सवार बरवारीपुर निवासी वर्षीय मुन्ना निषाद(23) का हाथ टूट गया है, जबकि बरवारीपुर के ही गोलू (23) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल ले जाते समय आलोक शंखधर की रास्ते में ही मौत हो गई।

क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने रविवार को बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम में भेजकर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story