डीसीएम की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत
फतेहपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार शाम डीसीएम की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें इलाज के लिए एम्बुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। जहाँ चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जबकि सैलून की दुकान पर दाढ़ी बनवा रहा वृद्ध घायल हो गया।
बकेवर थाना क्षेत्र के गाँव आलमपुर निवासी रामचंद्र कुशवाहा(42) अपने साढ़ू घनश्याम (45) निवासी गोपालपुर के साथ एक ही मोटरसाइकिल से आज रात 7,30 बजे जहानाबाद कस्बे से बाजार करके आलमपुर गांव अपने घर जा रहे थे तभी चौडगरा से घाटमपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार डीसीएम जहानाबाद कस्बे के गढ़ी मोड़ पर सामने से मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मारते हुए नाई रफीक की सैलून की दुकान में टक्कर मार दिया। जिससे दुकान मे दाढ़ी बनवा रहे 55 वर्षीय मिथलेश मोहल्ला गढ़ी निवासी घायल हो गये। जिसे सीएचसी से कानपुर एल एल आर हास्पिटल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है जहाँ चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया है।
थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि दिवंगत हुए दोनों लोगों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

