क्रशर प्लांट के एसी में ब्लास्ट, एक की मौत व एक घायल

WhatsApp Channel Join Now
क्रशर प्लांट के एसी में ब्लास्ट, एक की मौत व एक घायल


महोबा, 04 जून (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद के पनवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक क्रशर प्लांट में लगे एसी में जोरदार ब्लास्ट होने से एक की दर्दनाक मौत हो गई है जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच में जुट गई है।

गुरुवार को जनपद के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में गुगौरा गांव में स्थित बुंदेलखंड एंटरप्राइजेज क्रशर प्लांट में एक कमरे में कबरई थाना क्षेत्र के धरोन गांव निवासी प्रखर कुशवाहा (19) और पनवाड़ी कस्बा निवासी लालाराम दोनों बैठे थे। तभी कमरे में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक ब्लास्ट हो गया। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

ब्लास्ट की आवाज सुन आसपास काम कर प्लांट के अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने प्रखर को मृत घोषित कर दिया। वहीं लालाराम की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

कुलपहाड़ क्षेत्राधिकारी रविकांत गौड़ ने बताया कि क्रशर प्लांट में कमरे में एसी ब्लास्ट की सूचना मिली है। हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। घटनास्थल पर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story