गोरखपुर में 27 व 28 मार्च काे गूंजेगा वैश्विक एआई मंथन, 26 देशों के 200 विदेशी छात्र होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर में 27 व 28 मार्च काे गूंजेगा वैश्विक एआई मंथन, 26 देशों के 200 विदेशी छात्र होंगे शामिल


गोरखपुर में 27 व 28 मार्च काे गूंजेगा वैश्विक एआई मंथन, 26 देशों के 200 विदेशी छात्र होंगे शामिल


गोरखपुर, 26 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रकल्प वर्ल्ड ऑर्गेनाइजेशन ऑफ स्टूडेंट्स एंड यूथ , दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय तथा मेटा के संयुक्त तत्वावधान में 27 व 28 मार्च काे महायोगी गुरु गोरक्षनाथ शोध पीठ में ‘ग्लोबल ए.आई. कॉन्फ्लुएंस 2026’ का आयोजन हाे रहा है। इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन गोरखपुर को वैश्विक शैक्षिक एवं तकनीकी मानचित्र पर एक नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में बांग्लादेश, श्रीलंका, खाड़ी देशों, नाइजीरिया सहित विश्व के 26 देशों के 200 से अधिक विदेशी विद्यार्थी, जो भारत के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं, प्रतिभागी के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। विविध संस्कृतियों, विचारों और अनुभवों का यह संगम आयोजन को विशेष गरिमा और भव्यता प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के वर्तमान परिदृश्य, इसके तीव्र विस्तार, वैश्विक प्रभाव तथा भविष्य की असीम संभावनाओं पर गहन एवं व्यापक मंथन किया जाएगा।

कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान, आई.आई.टी. भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश तथा दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की उपस्थिति रहेगी। ‘ग्लोबल ए.आई. कॉन्फ्लुएंस 2026’ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। वर्ल्ड ऑर्गेनाइजेशन ऑफ स्टूडेंट्स एंड यूथ की राष्ट्रीय संयोजिका निखिता रेड्डी ने बताया कि ‘ग्लोबल ए.आई. कॉन्फ्लुएंस 2026’ केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर विद्यार्थियों के बीच ज्ञान, नवाचार और सांस्कृतिक समन्वय का एक सशक्त मंच है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story