महाविद्यालय में एबीवीपी व सपा छात्र सभा के बीच विवाद, दोनों पक्षों ने दी तहरीर; छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप से तनाव

WhatsApp Channel Join Now
महाविद्यालय में एबीवीपी व सपा छात्र सभा के बीच विवाद, दोनों पक्षों ने दी तहरीर; छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप से तनाव


बांदा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के अतर्रा पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में गुरुवार को छात्रवृत्ति, साफ-सफाई समेत अन्य समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र संगठनों एबीवीपी व छात्र सभा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। शाम करीब तीन बजे हुए इस घटनाक्रम में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। दूसरे पक्ष की ओर से छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया गया है। मामले में दोनों पक्षों ने अतर्रा कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने छात्र सभा के दो पदाधिकारियों को थाने में बैठा लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य डॉ पी के विश्वकर्मा ने बताया कि कालेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े छात्र छात्रवृत्ति आदि मुद्दों को लेकर अतर्रा महाविद्यालय प्राचार्य कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान समाजवादी पार्टी से जुड़े नीरज द्विवेदी और विकास दीक्षित समेत अन्य लोगों के पहुंचने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति बन गई।

एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री शिवम पांडेय ने आरोप लगाया कि संगठन के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान सपा से जुड़े नीरज द्विवेदी अपने साथियों के साथ पहुंचे और कार्यकर्ताओं के झंडे छीनकर जमीन पर फेंक दिए। उन्होंने संगठन के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और मौके पर मौजूद छात्राओं के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। शिवम पांडेय के मुताबिक, इस संबंध में कोतवाली में शिकायत दी गई है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई निष्पक्ष नहीं होने पर संगठन आगे आंदोलन का रुख अख्तियार करेगा।

वहीं, दूसरे पक्ष समाजवादी पार्टी के अनुसांगिक संगठन छात्र सभा की ओर से एबीवीपी कार्यकर्ताओं अभय सिंह, अमन दीक्षित, कार्तिकेय गुप्ता और हेमंत विश्वकर्मा पर छात्रों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। जबकि एक छात्रा ने भी पुलिस को तहरीर देकर छेड़खानी करने का आरोप मढा है। नीरज द्विवेदी, विकास दीक्षित और उनके पक्ष के लोगों का कहना है कि इस मामले में बीच-बचाव के दौरान उनके साथ कथित तौर पर एकजुट होकर मारपीट और गाली-गलौज की गई, जिसके बाद विवाद बढ़ा।

पुलिस द्वारा नीरज द्विवेदी तथा विकास दीक्षित विहान को थाने में बैठा लेने की जानकारी होने पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष उमेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष मुन्ना पटेल, मयंक द्विवेदी, किरन वर्मा, मौसमी कोटार्य, सत्यनारायण सोनकर, पवन गर्ग, रोहित कुशवाहा और विदित त्रिपाठी समेत अन्य पदाधिकारी अतर्रा कोतवाली पहुंचे। सपा पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने कहा कि यदि कार्रवाई निष्पक्ष नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी।

महाविद्यालय के प्राचार्य से सूचना मिलने के बाद उपजिलाधिकारी अतर्रा शैलेन्द्र मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन दोनों पक्ष अडे रहे। दोनों तरफ से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले में विधि के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी अतर्रा ने भी दोनों पक्षों से शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।

प्रचार्य डॉ पी के विश्वकर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उपजिलाधिकारी के मौखिक आदेश पर कालेज को अनिश्चितकालीन के बंद कर दिया गया है। अग्रिम आदेश के बाद ही कालेज में पठन पाठन शुरू होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761662 Articles

Share this story