अभाविप ने अवैध कोचिंग संस्थानों को लेकर की जमकर नारेबाजी
उरई, 19 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर के मच्छर चौराहा स्थित रोड जाम करते हुए गुरुवार को शहर में संचालित हो रही अवैध कोचिंग संस्थानों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया |
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि जिले में संचालित हो रही लगभग 90% कोचिंग संस्थान मानक विहीन हैं और बिना किसी रजिस्ट्रेशन के चल रहीं हैं। जिनके पास उन्हें चलाने के लिए उचित कागज तक नहीं हैं | परिषद के कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि कई सरकारी शिक्षक कोचिंग संस्थान संचालित कर रहे हैं जो नियम के विरुद्ध है और छोटे-छोटे कमरों में विद्यार्थियों को एक साथ बैठाया जा रहा है। जिससे विद्यार्थियों के जान माल को भी खतरा हो सकता है।
मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट एवं सी ओ सिटी के द्वारा कार्यकर्ताओं को समझा बुझा कर प्रदर्शन खत्म कराया एवं जल्दी जांच समिति बनाकर कार्रवाई करने की बात कही | इस दौरान विद्यार्थी परिषद के प्रांत राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक चित्रांशु सिंह, उरई विभाग के विभाग संयोजक अभय दुबे, जिला संयोजक सहयोग नामदेव, नगर मंत्री अमन पांडा, सूर्यांश राजावत, ओम ठाकुर मनु तिवारी, अनुज द्विवेदी के साथ कई विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

