छात्राओं के लिए प्रत्येक संकाय में बने ‘पिंक टॉयलेट’ एवं स्थापित हों सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें : काव्यांशी
इविवि: अभाविप ने पिंक टॉयलेट, सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन व पुस्तकालय की मांग को लेकर किया विरोध प्रदर्शन
प्रयागराज, 25 फरवरी (हि.स)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), इलाहाबाद विश्वविद्यालय इकाई द्वारा बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में व्याप्त विभिन्न अनियमितताओं और छात्र सुविधाओं के घोर अभाव के निराकरण हेतु अधिष्ठाता छात्र कल्याण को ज्ञापन सौंपा गया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से महिला सुरक्षा व गरिमा, नवनिर्मित पुस्तकालय के संचालन तथा परिसर में व्याप्त पेयजल संकट जैसे गंभीर विषयों पर विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इन बुनियादी मांगों पर त्वरित संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो परिषद क्रमिक आंदोलन करने को बाध्य होगी। कहा गया कि करोड़ों की लागत से बने नवनिर्मित पुस्तकालय भवन उद्घाटन के लंबे समय बाद भी यह छात्रों के लिए क्रियाशील नहीं है।
अभाविप इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इकाई अध्यक्ष हिमांशु पाण्डेय ने कहा कि, विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। नवनिर्मित पुस्तकालय को तत्काल प्रभाव से संचालित किया जाना चाहिए और केंद्रीय पुस्तकालय का समय बढ़ाकर छात्रों को राहत प्रदान करनी चाहिए। साथ ही, विभिन्न संकायों में नई पुस्तकों की उपलब्धता और पेयजल संकट का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि इन न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो विद्यार्थी परिषद् चुप नहीं बैठेगी और उग्र आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
अभाविप इविवि इकाई मंत्री काव्यांशी ने छात्राओं की समस्याओं पर जोर देते हुए कहा कि, परिसर में महिला सुरक्षा और गरिमा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक संकाय में छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त पृथक पिंक टॉयलेट का निर्माण और महिला कॉमन रूम में उच्च गुणवत्ता वाली सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन एवं डिस्पोजल इंसिनरेटर स्थापित करना नितांत आवश्यक है। शौचालयों की स्थिति वर्तमान में अत्यंत दयनीय है। जिसके लिए सफाई कर्मियों की जवाबदेही तय कर दैनिक सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि छात्राओं को एक स्वच्छ और सुरक्षित परिवेश मिल सके।
इस अवसर पर काशी प्रांत शोध सह संयोजक सौरभ, प्रांत विकासार्थ विद्यार्थी संयोजक अद्वैतेश आराध्य राय , प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अर्पित त्रिपाठी, इकाई सह मंत्री आदर्श द्विवेदी, सुनिल बिश्नोई, अमन मिश्रा, अनुराग मिश्र, इकाई शोध संयोजक प्रशंसा सिंह जाटव, संजना यादव, सांभवी राय, सृष्टि मिश्रा एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

