विद्यार्थी परिषद ने लगाया कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षण केंद्र में अनियमितता का आराेप,एसडीएम लहरपुर काे साैंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थी परिषद ने लगाया कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षण केंद्र में अनियमितता का आराेप,एसडीएम लहरपुर काे साैंपा ज्ञापन


विद्यार्थी परिषद ने लगाया कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षण केंद्र में अनियमितता का आराेप,एसडीएम लहरपुर काे साैंपा ज्ञापन


सीतापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जनपद सीतापुर में लहरपुर तहसील के कार्यकर्ताओं ने कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित एक प्रशिक्षण केंद्र में कथित अनियमितताओं एवं सरकारी मानकों के उल्लंघन के संबंध में उपजिलाधिकारी लहरपुर धामिनी एम दास को गुरुवार को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं स्थलीय जांच कराए जाने की मांग की।

ज्ञापन में अभाविप कार्यकर्ताओं ने माँग की है कि कौशल विकास जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के योग्य बनाना है। ऐसे में यदि किसी प्रशिक्षण केंद्र में निर्धारित मानकों की अनदेखी अथवा अभिलेखों और वास्तविक व्यवस्था में अंतर की शिकायत सामने आती है, तो उसका गंभीरता से संज्ञान लिया जाना आवश्यक है।

जानकारी हो कि लहरपुर तहसील के ताहपुर में भारती बाल संस्था के अंतर्गत संचालित केंद्र पर अनियमितता एवं दुर्व्यवहार के आरोप विद्यार्थी परिषद ने लगाए हैं। ज्ञापन में अल्पवयस्क प्रशिक्षणार्थियों के नामांकन एवं केंद्र पर कार्यरत होने, प्रशिक्षकों की निर्धारित योग्यता एवं अभिलेखों में कथित विसंगति, निर्धारित संख्या की तुलना में कम प्रशिक्षकों की उपलब्धता तथा प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित सामग्री एवं वर्दी उपलब्ध कराने में कथित अनियमितता की जांच की मांग की गई है।

इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थियों के बायोमेट्रिक/फिंगरप्रिंट डेटा के उपयोग, छात्र-छात्राओं की आवासीय व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन एवं पेयजल की गुणवत्ता तथा छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी जांच कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में प्रशिक्षणार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़ी शिकायतों का भी उल्लेख करते हुए संबंधित अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं के सत्यापन की मांग की गई है। अभाविप ने प्रशिक्षण केंद्र में पावर बैकअप एवं सीसीटीवी बैकअप, कंप्यूटर लैब एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण, निर्धारित पाठ्यक्रमों के अनुरूप लैब व उपकरणों की उपलब्धता तथा उनके वास्तविक उपयोग का भी भौतिक सत्यापन कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन में केंद्र की कैंटीन के संचालन, संबंधित अभिलेखों में कथित विसंगति तथा एफएसएसएआई पंजीकरण/लाइसेंस से संबंधित बिंदुओं की भी दस्तावेजी एवं भौतिक जांच कराने का आग्रह किया गया है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग करते हुए कहा यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है तो संबंधित व्यक्तियों/संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों के हितों और उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशिक्षण व्यवस्था को निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

इस संबंध में उप जिलाधिकारी धामिनी दास ने बताया कि परिषद के कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में जिन बिंदुओं का जिक्र किया है उसकी जांच कराई जाएगी

ज्ञापन देते समय जिला संगठन मंत्री हर्षित सिंह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अमित नाग, तहसील संयोजक विकास वर्मा ,नगर मंत्री विकास कनौजिया ,नगर सह मंत्री करन कुमार, कमलाकांत त्रिवेदी मंजेश प्रजापति , राज मेहरोत्रा, अनुज, सत्यम, एकांश ,शिव गोस्वामी ,आरिफ , नीरज ,अंकुल वर्मा ,आकाश ,अनिकेत ,आनंद शिवम आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

Share this story