युवती सम्मेलन में सैकड़ों छात्राओं ने लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
युवती सम्मेलन में सैकड़ों छात्राओं ने लिया हिस्सा


लखनऊ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) अवध प्रांत की ओर से आयोजित युवती सम्मेलन ‘क्षितिजा : आँगन से अंतरिक्ष’ का भव्य समापन लखनऊ महानगर स्थित अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के रामप्रसाद बिस्मिल सभागार में हुआ। सम्मेलन में सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी रहीं। कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अर्चना मिश्रा की रही। कार्यक्रम में राष्ट्रसेविका समिति, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की क्षेत्र प्रचारिका शशि तथा प्रांत छात्रा प्रमुख डॉ. कस्तूरी सिंह उपस्थित रहीं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अवध प्रांत की प्रांत अध्यक्ष प्रो. नीतू सिंह ने कहा कि ‘क्षितिजा : आँगन से अंतरिक्ष’ सम्मेलन का उद्देश्य छात्राओं की प्रतिभा, सामर्थ्य, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को व्यापक मंच प्रदान करना है। सम्मेलन के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, नवाचार एवं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने सामर्थ्य के अनुरूप नए क्षितिजों को स्पर्श करने के लिए प्रेरित किया गया।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावी बनाया। ‘आँगन से अंतरिक्ष’ की संकल्पना के साथ आयोजित यह सम्मेलन छात्राओं के आत्मविश्वास, आकांक्षाओं और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा देने वाला प्रेरणादायी आयोजन रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story