आर्थिक तंगी नहीं रोक पाएगी सपनों की उड़ान, अभ्युदय योजना बनी मेधावियों का सहारा

WhatsApp Channel Join Now
आर्थिक तंगी नहीं रोक पाएगी सपनों की उड़ान, अभ्युदय योजना बनी मेधावियों का सहारा


आर्थिक तंगी नहीं रोक पाएगी सपनों की उड़ान, अभ्युदय योजना बनी मेधावियों का सहारा


-प्रदेश के 157 केंद्रों पर 19,856 अभ्यर्थी कर रहे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

-आईएएस, पीसीएस, नीट और जेईई समेत विभिन्न परीक्षाओं के लिए मिल रहा निःशुल्क मार्गदर्शन

लखनऊ, 10 नवंबर (हि.स.)। कमजाेर आर्थिक परिस्थितियां अब मेधावी युवाओं के सपनों की राह में बाधा नहीं बनेंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की महंगी कोचिंग का खर्च उठा पाने में असमर्थ अल्प आय वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उम्मीद की नई किरण बन रही है। समाज कल्याण विभाग की इस पहल के तहत प्रदेशभर में संचालित 157 केंद्रों पर वर्तमान में 19,856 अभ्यर्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। यहां उन्हें विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और परीक्षा के अनुरूप तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

योजना के माध्यम से अभ्यर्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), नीट, जेईई और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इससे उन युवाओं को विशेष लाभ मिल रहा है, जिन्हें आर्थिक तंगी के कारण निजी कोचिंग संस्थानों का रुख करना मुश्किल होता है। अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, विषयवार अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयारी से युवाओं को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। योजना का असर अब सफलता के रूप में भी सामने आने लगा है। कानपुर में संचालित तीन केंद्रों से जेईई मेंस, यूपीपीसीएस लेक्चरर और जूनियर असिस्टेंट समेत अब तक 15 अभ्यर्थियों का चयन हो चुका है।

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देना है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी युवा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774734 Articles

Share this story