योगी सरकार की अभ्युदय योजना से संवर रहा प्रतियोगी छात्रों का भविष्य

WhatsApp Channel Join Now
योगी सरकार की अभ्युदय योजना से संवर रहा प्रतियोगी छात्रों का भविष्य


- कानपुर में 308 युवाओं को मिल रही निःशुल्क कोचिंग

- तीन केंद्रों पर चल रही यूपीएससी, नीट, जेईई और एसएससी की कक्षाएं

- डीबीएस कॉलेज गोविंद नगर में जल्द खुलेगा नया केंद्र, 250 नए छात्रों को मिलेगा फायदा

कानपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सपनों को पंख लगाने के लिए योगी सरकार की 'मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना' कानपुर नगर में वरदान साबित हो रही है। वित्तीय वर्ष 2026–27 के तहत जिले में संचालित विभिन्न केंद्रों पर छात्र-छात्राओं को सिविल सेवाओं से लेकर नीट और जेईई जैसी कठिन परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है। वर्तमान में कानपुर के तीन प्रमुख केंद्रों पर कुल 308 छात्र पंजीकृत हैं, जिन्हें विषय विशेषज्ञों और एम्पैनल्ड शिक्षकों द्वारा नि:शुल्क मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

जिले में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के मेधावी छात्रों को घर के पास ही बेहतर कोचिंग मिल सके। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में यूपीएससी और यूपीपीएससी की तैयारी के लिए 144 छात्र पंजीकृत हैं, जहाँ 21 अनुभवी शिक्षक मार्गदर्शन दे रहे हैं।

वहीं, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय कल्याणपुर में नीट और जेईई की तैयारी कराई जा रही है, जहाँ 53 नीट और 32 जेईई (कुल 85) छात्र नामांकित हैं और यहाँ आठ एम्पैनल्ड विषय विशेषज्ञों की टीम है। इसके अलावा राम सहाय राजकीय महाविद्यालय बैरी शिवराजपुर में एसएससी की तैयारी के लिए 79 छात्र जुड़े हैं और यहाँ 17 शिक्षक सेवाएँ दे रहे हैं।

छात्रों की सहूलियत को देखते हुए प्रशासन अब इस योजना का और विस्तार करने जा रहा है। जल्द ही गोविंद नगर स्थित डीबीएस कॉलेज में एसएससी की तैयारी के लिए एक नया केंद्र शुरू किया जाएगा। इसके लिए निदेशालय को अनुमति का प्रस्ताव भेजा जा चुका है और अनुमति मिलते ही यहाँ कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। नए केंद्र के शुरू होने से 250 और प्रतियोगी छात्रों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराना है। कानपुर नगर में इस सत्र 308 छात्र अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि छात्रों को सर्वश्रेष्ठ पठन-पाठन सामग्री और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिले ताकि वे अपनी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें।

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जे. जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह योजना युवाओं के भविष्य को बेहतर दिशा देने का एक बेहद सार्थक प्रयास है। कानपुर नगर में अभ्युदय योजना का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता और मजबूती के साथ किया जा रहा है। छात्रों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ अब डीबीएस कॉलेज गोविंद नगर में नया केंद्र खोलने की तैयारी है। जिला प्रशासन छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story