स्वस्थ रहने के लिए संतुलित दिनचर्या आवश्यक : अजीत

WhatsApp Channel Join Now
स्वस्थ रहने के लिए संतुलित दिनचर्या आवश्यक : अजीत


देवरिया, 05 मई (हि.स.) । विश्व अस्थमा दिवस के अवसर पर मंगलवार काे आरोग्य भारती के तत्वावधान में देवरिया जिले के देवरिया विकास खंड के अंतर्गत रूद्रपुर रोड स्थित एक चिकित्सालय में “स्वस्थ जीवन शैली” विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अस्थमा जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

गोष्ठी में आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अजीत नारायण मिश्र ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए संतुलित दिनचर्या, योग और आयुर्वेद को जीवन में अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अस्थमा मुख्यतः श्वास नलियों में संक्रमण या एलर्जी के कारण होता है। इससे बचाव के लिए धूल, धुआं, पराग कण और अन्य एलर्जी कारकों से दूरी बनाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस बीमारी के प्रति सजग रहें और समय रहते सावधानी बरतें।

उन्होंने आगे कहा कि ऋतु के अनुसार दिनचर्या और संतुलित आहार का पालन करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, जिससे कई बीमारियों से बचाव संभव है। योग और प्राणायाम को दैनिक जीवन में शामिल करने से श्वसन तंत्र मजबूत होता है और अस्थमा जैसी समस्याओं से राहत मिलती है।

इस अवसर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story