लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड में बच्चों की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक, पीड़ित परिवारों को न्याय सुनिश्चित कराए सरकार : संजय सिंह

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को लगी भीषण आग और उसमें कई मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु पर आम आदमी पार्टी (आआपा) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को प्रशासनिक शिथिलता का परिणाम बताते हुए मांग की है कि इस लापरवाही के लिए तुरंत जवाबदेही तय की जाए।

पत्रकारों को जारी अपने संवेदना संदेश में राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि लखनऊ से आ रही यह खबर अत्यंत विचलित और व्यथित करने वाली है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को बड़े सपनों और उम्मीदों के साथ पढ़ने भेजा था, आज उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत बच्चों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को यह असह्य आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। दुख की इस अत्यंत कठिन घड़ी में आम आदमी पार्टी पूरी संवेदना के साथ हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

लापरवाही पर तुरंत हो कड़ी कार्रवाई

सांसद संजय सिंह ने कहा कि शिक्षा के केंद्रों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। राजधानी के इस व्यावसायिक भवन और कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी क्यों की गई और इसे 'नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (एनओसी) कैसे जारी हुआ, इसकी निष्पक्ष जांच अभी होनी चाहिए। बच्चों की सुरक्षा में की गई यह लापरवाही अक्षम्य है। इसके लिए जो भी प्रशासनिक अधिकारी या संचालक जिम्मेदार हैं, उन पर तुरंत कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

संजय सिंह ने कहा कि इस पूरे हादसे की एक उच्च स्तरीय और समयबद्ध जांच तुरंत शुरू की जाए, ताकि घटना के सही कारणों का पता चल सके। जिन भी अधिकारियों या संचालकों के स्तर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई जाए, उन्हें तुरंत चिह्नित कर जेल भेजा जाए। प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से अविलंब उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए और घायलों के उच्च स्तरीय इलाज की पूरी व्यवस्था तत्काल सरकारी खर्चे पर हो। पूरे उत्तर प्रदेश में इस समय संचालित हो रहे सभी कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और शैक्षणिक केंद्रों का आज से ही कड़ा फायर सेफ्टी ऑडिट शुरू किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story