पेपर लीक पर चर्चा कितना रोकोगी भाजपा, सच आखिरकार अदालत तक पहुंच गया : संजय सिंह
लखनऊ, 11 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा छात्र नेता आशुतोष पांडेय और पंकज पांडेय को जमानत दिए जाने के बाद योगी सरकार कि कार्रवाई को गलत बताया।
उन्होंने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में पेपर लीक, भर्ती घोटालों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्र नेताओं को सत्ता के दबाव में झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा गया, लेकिन अब अदालत के फैसले ने सरकार और उसके अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। न्यायालय की टिप्पणी और जमानत आदेश इस बात का प्रमाण है कि युवाओं की आवाज को प्रशासनिक दमन से हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकार को गलत दिशा में ले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र नेता आशुतोष पांडेय और पंकज पांडेय को सत्ता के इशारे पर जबरन जेल में रखा गया और युवाओं के आंदोलन को कुचलने की कोशिश की गई, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले ने सरकार की कार्रवाई की वास्तविकता उजागर कर दी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हुईं। पुलिस भर्ती, शिक्षक भर्ती, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य चयन प्रक्रियाओं को लेकर लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। जब छात्र और युवा सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों की मांग करने लगे तो सरकार ने समस्याओं का समाधान करने के बजाए आंदोलन करने वालों पर मुकदमे दर्ज कराए, गिरफ्तारियां कराईं और दमन का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पेपर लीक पर चर्चा से लगातार भागती रही है, लेकिन युवाओं का आक्रोश और संघर्ष अब पूरे प्रदेश में एक बड़े आंदोलन का रूप ले चुका है।
संजय सिंह ने कहा कि जब यह पूरा प्रकरण सामने आया था तब भी आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट रूप से कहा था कि पेपर लीक करने वाले माफियाओं, भ्रष्ट अधिकारियों और उनकी राजनीतिक संरक्षण व्यवस्था पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन सरकार ने असली दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाए उन छात्रों और युवाओं को निशाना बनाया जो न्याय की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपने भविष्य और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे युवाओं को अपराधियों की तरह पेश किया गया।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी शुरू से ही पेपर लीक और भर्ती घोटालों के खिलाफ युवाओं की लड़ाई के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

