भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश के सामने संकट पैदा किया : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश के सामने संकट पैदा किया : अखिलेश यादव


भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश के सामने संकट पैदा किया : अखिलेश यादव


लखनऊ, 09 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश के सामने संकट पैदा किया है। महंगाई, लगातार बढ़ती जा रही है। भाजपा की केन्द्र और प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर फेल है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने बिजली महंगी कर दी है। स्मार्ट मीटर लगाकर जनता से लूट की। डीजल और अन्य ईंधन की कीमते बढ़ती जा रही है। यूरिया और अन्य खादों के लिए संकट की स्थिति है। खाद को लेकर भाजपा सरकार की कोई तैयारी नहीं है। किसान परेशान है। नौजवान नौकरी रोजगार के लिए भटक रहे है। भाजपा धोखेबाज पार्टी है। भाजपा ने हर वर्ग को धोखा दिया है। भाजपा सरकार ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया। शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था, बिजली व्यवस्था सब चौपट है। विकास कार्य ठप्प है। बजट की लूट है। भ्रष्टाचार चरम पर है। अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में मंगलवार को विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव करीब है। सभी ने एकजुट होकर जैसे लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जिताया है वैसे ही विधानसभा चुनाव में जिताना है। उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है। भाजपा के हटने से ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और बिजली व्यवस्था में सुधार होगा। उत्तर प्रदेश में विकास और निर्माण के कार्य नये सिरे से शुरू होंगे। लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत वोट है। भाजपा को हटाने के लिए वोट का बुलडोजर चलाकर उसे सत्ता से बाहर करना है। भाजपा पीडीए से डरी हुई है। पीडीए के निर्दोषों के खिलाफ साजिश कर रही है। पीडीए भाजपा के षडयंत्रों को समझ चुका है। 2027 में भाजपा के अन्यायी शासन को हमेशा के लिए अंत कर देगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत और बांटने की राजनीति करती है। समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों, महिलाओं को आगे बढ़ाने और विकास के कार्य करती है। समाजवादी सरकार ने विश्वस्तरीय लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे बनाया है। देश में सबसे पहला एक्सप्रेस-वे समाजवादी सरकार ने बनाने का काम किया। समाजवादी सरकार ने किसानों को यमुना एक्सप्रेस-वे का मुआवजा दिलाया। समाजवादी पार्टी की सरकार ने उत्तर प्रदेश में जिलों को फोर-लेन सड़कों से जोड़ा। अमेरिका के बारे में कहा जाता है कि अमेरिका ने सड़के बनायी और सड़कों ने अमेरिका को बना दिया। समाजवादी सरकार ने उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश में जिले-जिले, तहसील और गांवों को जोड़ने का काम किया लेकिन भ्रष्ट भाजपा सरकार ने सब खराब कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी सरकार बनते ही यूपी में हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए काम होगा। किसानों को गन्ना का भुगतान 24 घंटे में किया जाएगा। महिलाओं की मदद होगी। छात्राओं की केजी से पीजी तक शिक्षा मुफ्त होगी।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के सांसद हरेन्द्र मलिक, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायकगण मनोज पारस, समर पाल सिंह, पंकज मलिक, किसान नेता चौधरी रविन्द्र मलिक, नूर मोहम्मद, जिया चौधरी समेत बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story