जून माह से बिजली का बिल देखकर लोगों के आँखों के आगे छाएगा अंधेरा : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
जून माह से बिजली का बिल देखकर लोगों के आँखों के आगे छाएगा अंधेरा : अखिलेश यादव


लखनऊ, 01 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बिजली के बिल के नाम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2027 के विधानसभा चुनाव के तिकड़मी ख़र्चों की व्यवस्था के लिए ‘इलेक्शन सरचार्ज’ लगा रही है। जून से बिजली का बिल देखकर लोगों के आँखों के आगे अंधेरा छाएगा। यह बातें उत्तर प्रदेश में बिजली के बिल पर उपभोक्ताओं से फ्यूल अधिभार के रूप में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त रुपये वसूलने के मामले पर सपा अध्यक्ष ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सोमवार को दी।

अखिलेश ने जारी बयान में कहा कि बिल पर फ्यूल सरचार्ज लिए जाने को बिजली के बिल में भाजपा का कमीशन बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई बढ़ा कर जनता की जेब काट रही है। भाजपा सरकार में पहले से ही मंहगाई चरम पर है उसके बाद भी वह लगातार मंहगाई बढ़ाती जा रही है। मंहगाई से जनता पहले से त्रस्त हैं, भाजपा की सरकार हर दिन मंहगाई बढ़ा रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कभी डीजल-पेट्रोल, कभी बिजली और कभी गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ा दे रही है। आम जनता बेबस और परेशान है। भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अन्तर है। उसने मंहगाई कम करने का वादा किया था लेकिन जबसे सरकार आयी है, रोज मंहगाई बढ़ाती जा रही है। भाजपा की नीतियों से जनता त्रस्त है। भाजपा, पूंजीपतियों के लिए नीतियां बनाती है। उन्हीं के लिए काम करती है। गरीबों की जेब से पैसा निकाल कर पूंजीपतियों की पूंजी बढ़ाती है, फिर उनसे कमीशन और चंदे लेती है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा गरीब, किसान विरोधी है। साल 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी तभी महंगाई से निजात मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story