मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक युवाओं के भविष्य पर हमला : अनित रावत

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक युवाओं के भविष्य पर हमला : अनित रावत


नीट 2026 पेपर लीक के खिलाफ आप छात्रविंग का प्रदर्शन, राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा

लखनऊ, 13 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की छात्र विंग एएसएपी (एसोसिएशन आफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पालिटिक्स) की ओर से बुधवार को नीट 2026 पेपर लीक मामले के विरोध में राजधानी लखनऊ के जीपीओ कार्यालय हजरतगंज के निकट प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-युवा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार और पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

इस दौरान आप छात्रविंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया। पुलिस द्वारा प्रदर्शन रोकने की कोशिश के दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

इस अवसर पर छात्रविंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने कहा कि नीट देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक होना केवल एक परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि करोड़ों छात्रों के सपनों और भविष्य पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, अभिभावक अपनी जीवनभर की कमाई बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार शिक्षा माफियाओं के सामने पूरी तरह नतमस्तक दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि केंद्र और राज्य सरकारें परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने में पूरी तरह असफल रही हैं। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही, ऊपर से जो परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं उनमें भी भ्रष्टाचार और धांधली का बोलबाला है।

अनित रावत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार नहीं किए, तो आम आदमी पार्टी की छात्र विंग पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी तथा विश्वविद्यालयों से लेकर सड़कों तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, आकाश वर्मा, विकास सहित तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story