पेपर लीक से लाखों छात्र छात्राएं और उनके परिवार प्रभावित हुए : संजय सिंह

WhatsApp Channel Join Now
पेपर लीक से लाखों छात्र छात्राएं और उनके परिवार प्रभावित हुए : संजय सिंह


लखनऊ, 12 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार शिक्षा माफिया के साथ मिलकर देश के नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने में लगी हुई है। यह आरोप नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में आम आदमी पार्टी (आआपा) के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लगाए हैं। उन्होंने मंगलवार को कहा कि नीट परीक्षा का पेपर पहली बार लीक नहीं हुआ है, इससे पहले वर्ष 2024 में भी पेपर लीक हुआ था और अब 3 मई को हुई परीक्षा में 180 में से 135 सवाल लीक होने का मामला सामने आया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग शिक्षा माफिया के पूरे गिरोह को संरक्षण दे रहे हैं, जिसकी वजह से बार-बार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं।लाखों छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि देश के लाखों नौजवान दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार और उसके संरक्षण में पल रहे शिक्षा माफिया उनके सपनों को कुचलने का काम कर रही हैं। आखिर यह पता लगाया जाना चाहिए कि पेपर लीक कराने वाले लोग कौन हैं, किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है। किन भाजपा समर्थित लोगों के जरिए शिक्षा के नाम पर यह संगठित कारोबार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी निष्पक्ष जांच होगी तो यह साफ हो जाएगा कि इस पूरे नेटवर्क के तार कहीं न कहीं भाजपा से जुड़े लोगों तक पहुंचते हैं और यही कारण है कि दोषियों को बार-बार बचाया जाता है।

संजय सिंह ने कहा कि इस बार नीट परीक्षा में करीब 22 लाख छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। अगर उनके परिवारों को भी जोड़ लिया जाए तो करोड़ों लोग इस पेपर लीक कांड से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ छात्र कठिन परिस्थितियों में रहकर पढ़ाई करते हैं, माता-पिता अपनी जमा पूंजी बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं। दूसरी तरफ भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्ट तंत्र की वजह से उनका भविष्य बर्बाद हो जाता है। यह केवल पेपर लीक नहीं बल्कि देश के नौजवानों के साथ खुला विश्वासघात है।

संजय सिंह ने भाजपा सरकार में पेपर चोरी का, जनता का सोना और गहना तक लूटने का काम किया। महंगाई की आग में देश को झोंक दिया, रुपये को लगातार कमजोर किया और देश की विदेश नीति तक को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा प्रणाली पर हमला नहीं है बल्कि यह नौजवानों के पेट और पीठ दोनों पर वार करने जैसा है। भाजपा सरकार और उसकी राज्य सरकारों ने युवाओं की मेहनत, उनके सपनों और उनके विश्वास के साथ धोखा किया है। आम आदमी पार्टी देश के नौजवानों की आवाज को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाती रहेगी और शिक्षा माफिया तथा उन्हें संरक्षण देने वाली ताकतों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story