सिलेंडर बढ़ोत्तरी कर भाजपा ने देश को दिया मजदूर दिवस का ‘तोहफा’: संजय सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सिलेंडर बढ़ोत्तरी कर भाजपा ने देश को दिया मजदूर दिवस का ‘तोहफा’: संजय सिंह


-- 5 किलो गैस सिलेंडर के दाम में 261 रुपये एवं कामर्शियल सिलेंडर में 993 रुपये की भारी बढ़ोत्तरी कर गरीब और छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ी

लखनऊ, 02 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मजदूर दिवस के दिन गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा और सीधा हमला बोला। उन्होंने शनिवार कहा कि चुनाव खत्म होते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने गरीबों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की जेब पर खुला डाका डाल दिया है। जाे साबित करता है कि चुनाव के दौरान किए गए वादे महज छलावा थे और सत्ता हासिल करने का एक सुनियोजित खेल था।

संजय सिंह ने अपने बयान में कहा कि पूरे चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और भाजपा के नेता गरीबी हटाने, महंगाई कम करने और देश के विकास के नाम पर जनता को गुमराह करते रहे। गरीबों के बीच जाकर दिखावटी संवेदनाएं जताना, उनके साथ भोजन करना, झालमुड़ी खाना और महिलाओं के खातों में पैसे डालने के वादे करना-यह सब एक सुनियोजित राजनीतिक का हिस्सा थी, जिसका मकसद सिर्फ वोट बटोरना था।

उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही भाजपा का असली चेहरा बेनकाब हो गया। मजदूर दिवस जैसे दिन, जब पूरा देश मजदूरों के सम्मान की बात करता है, उसी दिन 5 किलो के गैस सिलेंडर पर 261 रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई। यह सीधा हमला उन झुग्गीवासियों, मजदूरों, गरीबों और छात्रों पर है, जो अपनी रोजमर्रा की जिंदगी चलाने के लिए इस छोटे सिलेंडर पर निर्भर हैं।

संजय सिंह ने आगे कहा कि कामर्शियल गैस सिलेंडर, जिसका इस्तेमाल छोटे दुकानदार, ठेले वाले और चाय विक्रेता (जो मोदी जी स्वयं भी खुद को बताते हैं) वो लोग करते हैं, उसकी कीमत में भी 993 रुपये की भारी बढ़ोत्तरी कर दी गई है। यह फैसला छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ने वाला है और इससे बाजार में महंगाई और तेजी से बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के दौरान जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही उन्हीं लोगों के पेट और जेब पर वार करती है। यह सरकार गरीब विरोधी, मजदूर विरोधी और पूरी तरह से जनविरोधी नीतियों पर चल रही है, जो जनता के साथ खुला विश्वासघात है।

संजय सिंह ने देश की जनता से आह्वान किया कि वे भाजपा के झूठे वादों और दावों की सच्चाई को समझें और सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि जनता को हर वादे की जांच करनी चाहिए और यह देखना चाहिए कि सरकार किस तरह से उनके साथ छल कर रही है, ताकि भविष्य में ऐसे धोखे से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story