जनता तेल, गैस और सोना कम इस्तेमाल करें, लेकिन भाजपा के रोड शो में तेल की कोई कमी नहीं : संजय सिंह

WhatsApp Channel Join Now
जनता तेल, गैस और सोना कम इस्तेमाल करें, लेकिन भाजपा के रोड शो में तेल की कोई कमी नहीं : संजय सिंह


लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को अपने ट्विटर हैंडल के माध्यम से जारी बयान में कहा कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार ने जनता का “बोझ” उठाने से हाथ खड़े कर दिए हैं।

संजय सिंह ने कहा कि चुनाव तक सरकार जनता को भरोसा दिलाती रही कि देश में किसी चीज की कोई कमी नहीं है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही जनता को तेल, गैस और सोने का इस्तेमाल कम करने की सलाह दी जाने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को भी “देशभक्ति” से जोड़कर जनता को मानसिक रूप से दबाव में रखने का काम कर रही है, जबकि सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोग खुद ऐशोआराम, विदेशी यात्राओं और भव्य आयोजनों में किसी प्रकार की कटौती नहीं कर रहे हैं।

संजय सिंह ने कहा कि रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं यह कहा कि पिछले दो महीने से सरकार जनता का बोझ उठा रही थी। उन्होंने कहा कि इसका सीधा अर्थ यह है कि जब तक पांच राज्यों के चुनाव चल रहे थे, तब तक सरकार जनता को राहत देने का दिखावा करती रही, लेकिन चुनाव खत्म होते ही अब सरकार कह रही है कि वह जनता का बोझ नहीं उठा सकती। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मोदी सरकार दावा कर रही थी कि देश में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है, पूरा भंडार भरा हुआ है और कोई संकट नहीं है, लेकिन जैसे ही चुनाव समाप्त हुए, जनता को सलाह दी जाने लगी कि पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करो, गैस कम इस्तेमाल करो, खाने के तेल का उपयोग कम करो और यहां तक कि एक साल तक सोना भी मत खरीदो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story