शहर की जर्जर सड़कों से जनता परेशान, सरकार तत्काल कराए मरम्मत के कार्य : अनुज शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
शहर की जर्जर सड़कों से जनता परेशान, सरकार तत्काल कराए मरम्मत के कार्य : अनुज शुक्ला


कानपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ जाता है। जिस वजह से कई बार घटनाएं भी हो जातीं हैं। यह बातें रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नगर अध्यक्ष अनुज शुक्ला ने कहीं।

आप के कार्यकर्ताओं ने काकादेव स्थित कुलवंती नर्सिंग होम के सामने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए।

अनुज शुक्ला ने कहा कि शहर की मुख्य सड़कों के अलावा मोहल्लों की गलियां भी लंबे समय से खराब हैं। कई स्थानों पर सड़क टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल निकलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है।

उन्होंने कहा कि गड्ढों में पानी भरने के बाद उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे वाहन अनियंत्रित होने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पार्टी ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने के साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर गड्ढों को तत्काल भरवाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इसके बाद पार्टी की ओर से काकादेव थाने की पुलिस को अधिकारियों के नाम संबोधित मांगपत्र सौंपा गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story