सांसद संजय सिंह की रिहाई को आप और कांग्रेस ने बताया न्याय की जीत
![सांसद संजय सिंह की रिहाई को आप और कांग्रेस ने बताया न्याय की जीत](https://livevns.news/static/c1e/client/84451/downloaded/dff8c668e1339057bb7bca834d7edac5.jpg)
![सांसद संजय सिंह की रिहाई को आप और कांग्रेस ने बताया न्याय की जीत](https://livevns.news/static/c1e/client/84451/downloaded/dff8c668e1339057bb7bca834d7edac5.jpg)
कानपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। शराब घोटाले के आरोप में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के छह महीने बाद जेल से छूटने पर बुधवार को आम आदमी और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर हर्ष मनाया।
लाल बंगला स्थित ओम पुरवा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी कानपुर के वरिष्ठ नेता मदन लाल भाटिया की अगुवाई में मिष्ठान वितरण का कार्यक्रम किया गया। इस दौरान दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ ही गठबन्धन के अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भी राहगीरों को रोक-रोककर उनका मुंह मीठा करवाया और कहा गया कि यह न्याय की जीत है।
गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय द्वारा राज्यसभा सांसद एवं आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की रिहाई मिलते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी। खुशी मनाते हुए छावनी क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं जिसमें पार्टी के नेता मदनलाल भाटिया ने कहा की कूट रचित दस्तावेजों से बनाए गए फर्जी मुकदमों के दम पर भारतीय जनता पार्टी 2024 का चुनाव जीतना चाहती है।
कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए कहा कि, जेल के ताले टूट गए संजय सिंह छूट गए और जेल के ताले टूटेंगे अरविंद केजरीवाल भी छूटेंगे। उनके साथ पार्टी के अन्य नेताओं ने कहा कि अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए भारतीय जनता पार्टी विपक्षी नेताओं पर अनर्गल झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाकर चुनाव में विजय हासिल करना चाहती है। भारतीय जनता पार्टी के मंसूबों को देश की जनता कामयाब नहीं होने देगी। इसका मुंहतोड़ जवाब आईएनडीआई गठबंधन के साथी पूरे देश में देंगे और जबरदस्त विजय दर्ज करेंगे।
इस दौरान महेश चंद्र अग्रवाल, नरेश चंद्र अग्रवाल, मदन लाल भाटिया, अच्छे लाल, कांग्रेस पार्टी के कैलाश पाल, विनय जायसवाल, बॉबी, छोटेलाल जयसवाल, रिंकू सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।