दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत
देवरिया, 16 मई (हि.स.)। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बनसप्ती चौराहे के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर अजय कुमार राय ने बताया कि मृतक की पहचान विकास निषाद (22) पुत्र हरिनाथ निषाद निवासी अकटहिया उर्फ मटीहरी टोला थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया के रूप में हुई है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि विकास निषाद बाइक से जा रहा था। इसी दौरान बनसप्ती चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई जिससे विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

