झांसा देकर महिला से लाखों के गहने ठगे, आरोपित फरार

WhatsApp Channel Join Now
झांसा देकर महिला से लाखों के गहने ठगे, आरोपित फरार


देवरिया, 31 मार्च (हि.स.) । सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के बसीयवा काली मंदिर निवासी सोना देवी, पत्नी मखन ठगी की शिकार हो गईं। वह अपने परिचित जीतू पुत्र नंदन लाल, निवासी काशीराम आवास मेहड़ापूरवा को देखने के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज आई थीं, जहां जीतू भर्ती हैं।

पीड़िता के अनुसार, वह ई-रिक्शा से उतरकर मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचीं ही थीं कि एक अज्ञात युवक ने उन्हें आवाज देकर रोका। युवक ने बातचीत के दौरान उनसे कहा कि उनके पास मौजूद सोने के गहने सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें एक कागज में लपेटकर थोड़ी दूरी पर रख देने की सलाह दी।

सोना देवी युवक के झांसे में आ गईं और उसने बताए अनुसार अपनी दो सोने की अंगूठियां (लगभग एक भर) और एक सोने की चेन (करीब पौने दो भर) उसे दे दीं। युवक ने गहनों को कागज में लपेटकर पास ही कहीं रख आने की बात कही और थोड़ी दूरी पर जाने को कहा। जब सोना देवी कुछ समय बाद वापस लौटीं तो वह युवक मौके से गायब था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। ठगी का एहसास होते ही पीड़िता घबरा गईं और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पीड़िता के अनुसार, ठगे गए गहनों की कुल कीमत लगभग 3.30 लाख रुपये हैं।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अजनबियों की बातों में न आए और अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story