तेज आंधी तूफान के चलते दीवार गिरी, ईंट से चोट लगने की वजह से युवक की मौत, जगह-जगह उखड़े पेड़ और बिजली के खंभे, यातायात प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
तेज आंधी तूफान के चलते दीवार गिरी, ईंट से चोट लगने की वजह से युवक की मौत, जगह-जगह उखड़े पेड़ और बिजली के खंभे, यातायात प्रभावित


नोएडा, 04 जून (हि.स.)। बृहस्पतिवार की शाम को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आई तेज आंधी बारिश के चलते गौतम बुद्ध नगर में कई जगह पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंबे गिर गए तथा मकान की दीवार गिरी। इस घटना में निर्माणाधीन एक मकान से ईट गिरने की वजह से एक युवक को चोट लगी। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई है।

थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को आई तेज आंधी तूफान के चलते एक निर्माणाधीन मकान की दीवार की ईंट युवक पर गिर गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि युवक की पहचान रंजीत पुत्र सहदेव मंडल, निवासी हसनगंज, मुंगेर (बिहार) के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 45 साल थी। जानकारी के अनुसार सिर पर ईंट लगने के बाद युवक बुरी तरह से घायल हो गया था। परिवार के सदस्य युवक को अस्पताल लेकर गए जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

तेज आंधी तूफान के चलते नोएडा के फिल्म सिटी एरिया में भी कई जगह पेड़ गिरे हैं। सेक्टर-16 और सेक्टर-14 समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सेक्टर-14ए के फ्लाईओवर के पास ही पेड़ उखड़कर सड़क पर जा गिरा जिससे जाम की स्थिति बन गई। गाड़ियों के ऊपर भी पेड़ गिरे हैं। वहीं तेज आंधी के वजह से ग्रेटर नोएडा में कई अन्य स्थानों पर भी नुकसान हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि नोएडा में 06 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story